नई दिल्ली।
देश में ई-स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के लिए क्राफ्टन इंडिया ने ‘राइजिंग स्टार इनविटेशनल’ टूर्नामेंट की घोषणा की है। यह भारत का पहला ऐसा बीजीएमआई आमंत्रण टूर्नामेंट है, जिसे पूरी तरह ‘राइजिंग स्टार्स कार्यक्रम’ के खिलाड़ियों को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। प्रतियोगिता तीन से पांच जुलाई तक आयोजित होगी और इसमें पांच लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।टूर्नामेंट में 16 उभरते खिलाड़ी अपनी-अपनी पांच सदस्यीय टीमों की कप्तानी करेंगे। इन टीमों में देश के कई प्रसिद्ध बीजीएमआई पेशेवर खिलाड़ी भी शामिल होंगे। जोनाथन, रॉनी, बीस्ट, जैली, ओमेगा, मॉर्टी, रीपर और कालयुग जैसे दिग्गज खिलाड़ी युवा प्रतिभाओं के साथ मुकाबले में उतरेंगे। क्राफ्टन इंडिया के ई-स्पोर्ट्स विभाग के सहायक निदेशक करण पाठक ने कहा कि राइजिंग स्टार्स कार्यक्रम का उद्देश्य भारत की अगली पीढ़ी के पेशेवर बीजीएमआई खिलाड़ियों को पहचानना, प्रशिक्षित करना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अवसर उपलब्ध कराना है। संवाद