ग्रेटर नोएडा। मिग्सन अल्टिमो सोसायटी में शुक्रवार की देर रात रखरखाव प्रबंधन ने मेंटेनेंस शुल्क का भुगतान न करने वाले निवासियों की बिजली काट दी। इसका निवासियों ने विरोध किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद रात में बिजली आपूर्ति बहाल कर दिया गया है। वहीं, रखरखाव प्रबंधन का कहना है कि कुछ लोग ने नोटिस देने के बाद भी शुल्क का भुगतान नहीं किया। उसके बाद यह कदम उठाया गया है।
निवासियों का कहना है कि सोसायटी में मूलभूत सुविधाओं की कमी है। निवासी प्लास्टर झड़ने, सीपेज की समस्या, पार्किंग समेत अन्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। बिल्डर एओए का गठन कर सोसायटी हैंडओवर कर अपना पल्ला झाड़ना चाहता है। इस कारण लोगों ने मेंटेनेंस शुल्क भुगतान नहीं करने का फैसला लिया है। निवासियों का कहना है कि सीधे नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड निवासियों को बिजली की आपूर्ति कर रही है। ऐसे में बिजली आपूर्ति बाधित करने का हक बिल्डर प्रबंधन को किसने दिया। पुलिस हस्तक्षेप व रखरखाव प्रबंधन के भरोसे के बाद शनिवार को ज्यादातर निवासियों ने मेंटेनेंस शुल्क का भुगतान कर दिया है। ब्यूरो