बिजली वितरण कंपनी बीएसईएस की राजधानी और यमुना पावर लिमिटेड की ओर से बिजली चोरी की शिकायत दर्ज कराने के लिए एक व्हाट्स ऐप नंबर जारी किया गया है। उपभोक्ता चोरी की शिकायत और फोटो इस नंबर पर भेज सकते हैं।
वहीं दूसरी ओर बिजली उपकरणों के साथ छेड़छाड़ कर बिजली चोरी करने वाले एक गिरोह का भी पर्दाफाश किया गया है। कंपनी की शिकायत पर एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
व्हाट्स ऐप नंबर (8588892156) पर उपभोक्ता बिजली चोरी की विस्तृत जानकारी दे सकते हैं। जिस स्थान पर बिजली चोरी हो रहा है वहां की फोटो और वीडियो बना कर भी इस नंबर पर भेज सकते हैं। शिकायत करने वाले का नाम और पता गुप्त रखा जाएगा।
दूसरी ओर जामा मस्जिद इलाके के रकाब गंज मीर खार में शाहिद नाम का एक व्यक्ति बिजली उपकरणों के साथ छेड़छाड़ करके बिजली चोरी कराता था। चोरी की बिजली से एयरकंडिश्नर, वाशिंग मशीन व दूसरे भारी उपकरण चलाए जा रहे थे।
जिनसे बिजली ज्यादा खर्च होती है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी शाहिद को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से 70 किलोग्राम बिजली के तार भी बरामद किए हैं जिसका इस्तेमाल बिजली चोरी में हो रहा था।