-बीएसईएस केंद्रों पर जाने वाले उपभोक्ताओं की संख्या 22.91 लाख से घटकर 14.46 लाख रह गई
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। राजधानी में बिजली उपभोक्ता तेजी से काउंटर से डिजिटल की ओर शिफ्ट हो गए हैं। टाटा पावर-डीडीएल और बीएसईएस दोनों कंपनियों में डिजिटल भुगतान का हिस्सा लगभग 95 प्रतिशत तक पहुंच गया है।
उत्तरी दिल्ली में 90 लाख आबादी को बिजली देने वाली टाटा पावर-डीडीएल के 95 प्रतिशत से अधिक उपभोक्ताओं ने वित्त वर्ष 2025-26 में कम से कम एक बार डिजिटल भुगतान किया। भुगतान के अलावा 70 प्रतिशत ग्राहक अनुरोध अब ऐप, वेबसाइट, व्हाट्सएप, चैटबॉट, आईवीआर से पूरे हो रहे हैं। कंपनी ने 2025-26 में 24.05 करोड़ डिजिटल संवाद दर्ज किए। इनमें से एसएमएस से 16.5 करोड़, व्हाट्सएप से 3.56 करोड़ और मोबाइल ऐप से 1.9 करोड़ डिजिटल संवाद हुआ।इससे कलेक्शन सेंटर पर उपभोक्ताओं का फुटफॉल 44 प्रतिशत घटा है।
बीएसईएस में भी डिजिटल भुगतान 2021-22 के 85 प्रतिशत से बढ़कर लगभग 95 प्रतिशत हो गया है। कुल डिजिटल लेनदेन 1.15 करोड़ से बढ़कर 1.78 करोड़ और यूनिक डिजिटल ग्राहक 13.74 लाख से 20.59 लाख हो गए। भौतिक केंद्रों पर जाने वाले 22.91 लाख उपभोक्ताओं की संख्या घटकर 14.46 लाख रह गई, जबकि कुल लेनदेन 1.36 करोड़ से 1.91 करोड़ रुपया हो गया।