दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किए जाने की शिकायत पर भाजपा के दक्षिण दिल्ली से प्रत्याशी रमेश बिधूड़ी को मुख्य निर्वाचन कार्यालय ने नोटिस भेजकर 24 घंटे में जवाब मांगा है। आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा की शिकायत पर यह आदेश दिया गया है। इस मामले में संबंधित निर्वाचन अधिकारी से भी रिपोर्ट मांगी गई है।
बता दें कि मंगलवार को दक्षिणी दिल्ली लोकसभा की महरौली विधानसभा में रमेश बिधूड़ी ने एक जनसभा में अरविंद केजरीवाल के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उन्हें मंच से गंदी-गंदी गालियां दीं थी। जिसकी शिकायत राघव चड्ढा ने भाजपा प्रत्याशी रमेश बिधूड़ी के खिलाफ दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में दी थी।
उधर, भाजपा कार्यकारिणी सदस्यों की शिकायत पर कांग्रेस की उत्तर-पूर्वी संसदीय सीट से प्रत्याशी शीला दीक्षित और कांग्रेस के दिल्ली प्रभारी पीसी चाको से भी न्याय स्कीम के तहत लोगों से फॉर्म भरवाने के मामले में शुक्रवार तक जवाब मांगा गया है।