निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी कोविड-19 की जांच में संक्रमित पाए गए हैं। आयोग के सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। यही नहीं मंत्रालय के भी 11 अधिकारी जिसमें एक संयुक्त सचिव शामिल हैं, कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
चुनाव आयोग के अधिकारी शुक्रवार को पाए गए थे संक्रमित
उन्होंने बताया कि सहायक सेक्शन अधिकारी शुक्रवार शाम को संक्रमित पाए गए। वे निर्वाचन सदन की दूसरी मंजिल पर बैठते हैं और वे आयोग की इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) विभाग के साथ जुड़े हुए हैं।
सूत्रों ने बताया कि ऐसे मामलों से निपटने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी सभी मानक संचालन प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है।
संयुक्त सचिव समेत श्रम मंत्रालय के 11 अधिकारी पॉजिटिव
केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के संयुक्त सचिव समेत 11 अधिकारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें से छह अधिकारी विभाग के सचिव दफ्तर में काम करते हैं। वहीं रेल भवन के भी 12 अधिकारी पॉजिटिव पाए गए हैं।