विलाप करते हुए मारे गए बुजुर्ग दंपति के परिजन
- फोटो : अमर उजाला
पैरा ओलंपिक मेडल विजेता वरुण भाटी के रिश्ते के दादा-दादी की हत्या और डकैती का पहला शक घुमंतू गिरोह पर है। देहात क्षेत्र में सक्रिय घुमंतू गिरोह लगातार वारदातें कर रहा है। गिरोह कभी चोरी तो कभी लूट की वारदात को अंजाम देता है। विरोध करने पर गिरोह हमला करने से भी नहीं चूकता। वारदात से ग्रामीणों में भी रोष है। दनकौर क्षेत्र के ग्रामीणों ने दस दिन पहले एसएसपी कार्यालय पर प्रदर्शन कर गिरोह की गिरफ्तारी व खुलासे की मांग भी की थी। इसके बावजूद पुलिस गिरोह की गिरफ्तारी नहीं कर पाई।
शहर की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली ऑफिसर्स कॉलोनी में 14 मई की रात आईएएस विभा चहल के घर को घुमंतू गिरोह ने निशाना बनाया था। गिरोह के बदमाश कॉलोनी के पीछे से दीवार और फिर खिड़की के रास्ते घर में घुसे थे। वारदात सीसीटीवी मेें कैद हुई थी। बदमाश यहां से सात लाख रुपये के आभूषण और पांच हजार रुपये चुराकर ले गए थे। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने इस वारदात में घुमंतू गिरोह के बदमाश को गिरफ्तार करने का दावा किया था, लेकिन बाकी बदमाश सीसीटीवी मेें कैद होने के बावजूद अब तक गिरफ्तार नहीं हुए हैं। गिरोह के बदमाश ग्रेटर नोएडा, दनकौर, रबूपुरा और बिलासपुर क्षेत्र में एक के बाद एक कई चोरी-लूट की वारदात को अंजाम दे चुके हैं। इसके अलावा पंचायतन गांव में भी बदमाशों ने कांवड़ को लेकर दो पक्षों में हुए संघर्ष के बाद पुरुषों की गैरमौजूदगी में कई घरों में चोरी थी।
दंपति पर हमले की जांच कर लौट आई थी पुलिस
ग्रेटर नोएडा थाना प्रभारी धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि जमालपुर गांव में देर रात लगभग एक बजे दंपति सुधीर व शोभा के घर में घुसकर बदमाशों ने हमला किया। इस घटना के बाद पीड़ित इलाज कराने में जुट गए और यूपी-100 पर कॉल कर तड़के चार बजे पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंच गई और पीड़ितों को रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने बुलाया। इसके बाद ग्रामीण तेजपाल के घूमने के लिए जगाने पर जब आजाद सिंह नहीं जागे तो उन्हें डबल मर्डर की जानकारी हुई और सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस फिर से गांव पहुंची। आजाद सिंह की रिवाल्वर के संबंध में उनके बेटे ने जानकारी दी है कि वह दिल्ली स्थित उनके घर में रखी है। शुरुआत में ग्रामीण रिवाल्वर लूटने की भी जानकारी दे रहे थे। घर की दीवार पर बदमाशों के चढ़ने के पैरों के निशान दिखाई दिए हैं।
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता से व्यापारियों ने की थी शिकायत
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल व्यापारियों की समस्या सुनने दनकौर कस्बे में पहुंचे थे। इस दौरान व्यापारियों ने उनसे कहा था कि सरकार बदलने के बाद व्यवस्थाओं में कोई परिवर्तन नहीं हुआ। आए दिन अपराध की घटनाएं सामने आती हैं। पुलिस से शिकायत करने जाते हैं तो वह कम स्टाफ का हवाला देती है। व्यापारियों ने उनसे अपराधियों पर अंकुश लगाने और घटनाओं का खुलासा करने की मांग की थी।