नई दिल्ली। उत्तम नगर मेट्रो स्टेशन पर खेलते हुए आठ साल का एक मासूम गलती से मेट्रो में चढ़ गया और अक्षरधाम पहुंच गया। वहां उसे अकेला और घबराया हुआ देख मेट्रो पुलिस ने ऑपरेशन मिलाप के तहत उसके परिजनों का पता लगाकर उसे सुरक्षित सौंप दिया।
मेट्रो डीसीपी डॉ. आनंद धाबी के अनुसार, सोमवार को यमुना बैंक मेट्रो थाने के एएसआई राजवीर सिंह व अरुण कुमार ने अक्षरधाम स्टेशन पर बच्चे को देखा। पुलिस को देखते ही वह रोने लगा। शांत कराकर नाश्ता करवाने के बाद उसने बताया कि वह उत्तम नगर का रहने वाला है और खेलते-खेलते ट्रेन में चढ़ गया।
बच्चे ने सिर्फ पिता का नाम फिरोज और पता उत्तम नगर बताया। थाना प्रभारी मुकेश कुमार के नेतृत्व में टीम बच्चे को लेकर उत्तम नगर पहुंची। स्थानीय दुकानदारों व राहगीरों से पूछताछ के बाद एक दुकानदार ने बच्चे को पहचाना और एफ-ब्लॉक सहयोग विहार में उसके पिता फिरोज तक पहुंचाया। कानूनी औपचारिकताओं के बाद बच्चे को पिता को सौंप दिया गया। ब्यूरो