यह है वो कंपनी जहां से होती थी ठगी
- फोटो : अमर उजाला
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को पोंजी स्कैम में कार्रवाई करते हुए एबलेज समेत कई कंपनियों की 599 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर ली है। इससे पहले ईडी ने पिछले शुक्रवार को भी दो शहरों में पोंजी स्कैम के सिलसिले में 65 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की थी।
पिछले शुक्रवार को ईडी ने चेन्नई और जयपुर में पोंजी स्कीम चलाने वाली दो कंपनियों की कुल 65 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की थी। दोनों कुर्की अलग-अलग केस में की गई थी। इसमें चेन्नई की फ्रॉड कंपनी की 35.55 करोड़ रुपये की संपत्ति और जयपुर में पोंजी स्कीम चला रही कंपनी की 29.45 करोड़ की संपत्ति शामिल थी। ये सभी कुर्की प्रिवेंशन ऑफ मनी लांड्रिंग एक्ट केतहत की गई हैं।
नोएडा के सेक्टर-63 में चलने वाली एबलेज इन्फो सोल्यूशन कंपनी पर सात लाख लोगों से ऑनलाइन विज्ञापन क्लिक करा 3700 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है। इसका खुलासा एक फरवरी, 2017 को यूपी पुलिस की स्पेशल टॉस्क फोर्स (एसटीएफ) ने किया था।
एसटीएफ ने इस केस में कंपनी के मालिक अनुभव मित्तल, सीईओ श्रीधर प्रसाद और तकनीकी प्रमुख महेश दयाल को गिरफ्तार किया था। शुरुआती जांच में एसटीएफ को एबलेज के बैंक खातों में 500 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम और 12 करोड़ रुपये की संपत्ति का पता चला था।
अब ये आंकड़ा बढ़कर 600 करोड़ रुपये से ऊपर जा चुका है। जांच अधिकारियों को पता चला था कि एबलेज कंपनी द्वारा हैदराबाद की गेटवे कंपनी में 52 करोड़ और जेपी ग्रीन ग्रेनो में विला खरीदने के लिए 3.6 करोड़ लगाए गए। अधिकारी यह धोखाधड़ी उसी तरह की मान रहे हैं जैसे पश्चिम बंगाल व असम से जुड़े सारदा चिट फंड मामले में 2500 करोड़ की धोखाधड़ी हुई है।