गुड़गांव नगर निगम एवं टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग की संयुक्त टीम द्वारा शुक्रवार को गांव बालियावास में अवैध कब्जे हटाए गए। यहां करीब 15 एकड़ सरकारी जमीन तथा 10 एकड़ प्राइवेट जमीन पर बनाए गए अवैध निर्माणों पर यह कार्रवाई की गई।
संयुक्त निगमायुक्त-2 अनु श्योकंद को इस कार्रवाई के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया तथा उनके साथ संयुक्त निगमायुक्त वाईएस गुप्ता, चीफ टाउन प्लानर वीके गोयल व डीटीपी संजीव मान सहित नगर निगम तथा टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग के अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई शुरू की। संयुक्त टीम ने यहां पर विभिन्न प्रॉपर्टी डीलरों द्वारा बनाए गए 8 मकानों, जिनमें उनके कार्यालय बने हुए थे, सहित 80 डीपीसी, 10 चारदीवारी, गेट व रोड़ स्ट्रक्चरों को जेसीबी की सहायता से गिरा दिया।
बता दें कि गांव बालियावास में नगर निगम की करोड़ों रुपये की जमीन पर भूमाफियाओं की नजर है। जिस पर माफियाओं द्वारा अवैध कब्जा किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान नगर निगम के सहायक अभियंता राजीव यादव, एटीपी इनफोर्समेंट नरेंद्र, जूनियर इंजीनियर सतेंद्र कुमार, संदीप राठी व दीपक कुमार सहित डीएलएफ फेज-1 थाना प्रभारी अमित कुमार तथा ग्वाल पहाड़ी चौकी प्रभारी ऋषिपाल पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे।
नगर निगम आयुक्त टीएल सत्यप्रकाश के अनुसार सरकारी जमीनों से अवैध कब्जे हटाने के लिए नगर निगम एवं टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग द्वारा संयुक्त अभियान चलाया गया, जिसमें करोड़ों रुपये की सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त करवाया गया है। उन्होंने आम नागरिकों से भी अनुरोध किया कि वे अवैध कॉलोनियों में प्लॉट या मकान न लें। कहीं पर भी प्लॉट या मकान लेने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल कर लें। जानकारी के लिए नगर निगम, तहसील कार्यालय या टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग से संपर्क कर सकते हैं।