लगातार दो दिनों से नेपाल और उत्तर पूर्वी भारत में भूकंप के झटकों से लोग दहशत में हैं। रविवार को दोपहर 12:43 बजे भूकंप आने और मौसम विज्ञानियों के 48 घंटे अलर्ट के बाद शासन स्तर से प्रदेश भर के इंटर कालेज तक के विद्यालयों में दो दिन की छुट्टी की घोषणा कर दी गई।
शासन के आदेश पहुंचते ही डीएम विमल कुमार शर्मा ने स्थानीय स्तर पर सीबीएसई और आईसीएसई स्कूलों को भी दो दिन बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।
डीआईओएस राज सिंह यादव ने बताया कि यूपी बोर्ड से संबंधित सभी राजकीय, मान्यता प्राप्त और सहायता प्राप्त विद्यालय के साथ ही सीबीएसई और आईसीएसई स्कूल दो दिन तक बंद रखे जाएंगे।
बीएसए डा. प्रवेश यादव ने बताया कि प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय भी मंगलवार तक बंद रहेेंगे। प्रमोशन केलिए जिन शिक्षकों की काउंसलिंग होनी है, वह नियत समय पर होगी।
फेडरेशन से जुडे़ सभी स्कूलों को डीएम के निर्देशानुसार सोमवार की छुट्टी करने का सर्कुलर जारी कर दिया है। प्रशासन की एडवाइजरी सिर्फ एक दिन की है। जरूरत पड़ने पर एक दिन और छुट्टी बढ़ाने पर बाद में निर्णय लिया जाएगा।-सुभाष जैन, चेयरमैन, इंडिपेंडेंट स्कूल फेडरेशन ऑफ गाजियाबाद
डीएम के आदेशानुसार अभी केवल सोमवार की छुट्टी घोषित की गई है। सोमवार को परिस्थितियों को देखकर मंगलवार के अवकाश पर निर्णय लिया जाएगा। बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है। प्रशासन की आेर से जारी निर्देशों का पालन किया जाएगा। - अनीता सेठी, हेड मिस्ट्रेस, डीपीएसजी मेरठ रोड