एसपी क्राइम ने बताया कि खरीदारों के पैसे खपाने के लिए दर्जनों मुखौटा कंपनियां बनाई गई थीं। इसमें गोयल परिवार के 100 से अधिक लोग किसी न किसी पद पर हैं। अकेले आदित्य गोयल करीब दस मुखौटा कंपनियों का डायरेक्टर था। पुलिस आशंका जता रही है कि कई और मुखौटा कंपनियों के नाम सामने आ सकते हैं।
ठगी के पैसे से देश भर में संपत्ति
अर्थ बिल्डर ने खरीदारों को फ्लैट नहीं दिए और करोड़ों रुपये ठग लिए। इन पैसों से अर्थ के डायरेक्टर सहित अन्य ने देश व विदेश में संपत्तियां खरीदीं। कई शहरों में कोठी, दुकानें, फार्म हाउस और जमीन आदि खरीद लिए। गिरफ्तार आदित्य ने खरीदारों के पैसे से गोवा के पॉश इलाके में 1800 गज का एक प्लॉट खरीदा। पुलिस अब इनकी संपत्ति को सील करने की योजना बना रही है।
अशोक कुमार सिंह, एसपी क्राइम ने बताया कि, अर्थ बिल्डर के डायरेक्टर अवधेश गोयल के बेटे आदित्य गोयल को गिरफ्तार किया गया है। इसने कई मुखौटा कंपनियां बना रखी थीं जिसमें अर्थ के खरीदारों के पैसे को खपाया जा रहा था।