ग्रेटर नोएडा के हल्दौनी गांव की मार्केट के पास बुधवार सुबह एक कॉलोनी में ई-रिक्शा चालक के घर में चार्ज हो रही बैट्री तेज धमाके के साथ फट गई। धमका इतना तेज था कि दीवार पड़ोसी के घर की तरफ जा गिरी। रिश्तेदारी में आए एक 12 साल के बच्चे की मौत हो गई। जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बैट्री फटने का कारण ओवर चार्जिंग बताया जा रहा है। इकोटेक तीन थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दीवार गिरने से कई घरेलू सामान भी क्षतिग्रस्त हो गए।
मुख्य मार्केट के पास कॉलोनी बनी है। बुलंदशहर के टांडा मोहल्ला निवासी बबलू अपने परिवार के साथ किराए पर रहते हैं। बबलू ई-रिक्शा चलाता है। मंगलवार रात वह ई-रिक्शा की बैट्री चार्जिंग पर लगाकर सो गया। सुबह करीब पांच बजे बैट्री फट गई।
धमाका इतना तेज था कि कमरे की दीवार गिर गई। जो पड़ोस में रहने वाले इस्लाम के घर की तरफ गिरी। दीवार गिरने से इस्लाम और उसका भांजा घायल हो गए। अस्पताल ले जाते समय भांजे ईशबु की मौत हो गई। ईशबु रबूपुरा के पलाका गांव का रहने वाला था।
वह रिश्तेदारी में इस्लाम के घर आया था। वहीं, बबलू के पिता इदरीश (55), बेटे अरमान व सुल्तान भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
काफी तेज था धमाका
बैट्री फटने की आवाज काफी तेज थी। पड़ोसियों को लगा कि किसी ने बड़ा बम फोड़ा है। आवाज सुनकर लोग बाहर निकले तो दीवार गिरी देखी। दीवार के नीचे दबे लोगों की चीख निकल रही थी। उसके बाद लोगों ने मदद की।