दिल्ली में कुछ युवकों को खुले में पेशाब करने से रोकने की कीमत एक एक ई-रिक्शा चालक को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। पेशाब करने से रोकने पर गुस्साए युवकों ने चालक की पीट-पीटकर मार डाला। घटना शनिवार शाम की बताई जा रही है। मुखर्जी नगर थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
घटना दिल्ली के जीटीबी नगर मेट्रो स्टेशन के बाहर की है। शनिवार की दोपहर करीब 2 बजे ई-रिक्शा चालक रवींद्र खाना खा रहा था। तभी नशे में धुत्त दो लड़के कार से उतरे और खुले में पेशाब करने लगे। रवींद्र ने इस हरकत का विरोध किया।
उस वक्त तो ये लोग वहां से चले गए, लेकिन रात को करीब 8 बजे 20-25 साथियों के साथ दोबारा वहां पहुंचे। सभी ने मिलकर रवींद्र की बेरहमी से पिटाई की। पीटने के लिए पत्थरों को गमछे में बांधकर हथियार की तरह इस्तेमाल किया गया। इतनी मार रवींद्र सह नहीं पाया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। जहां ये घटना हुआ, वहां सीसीटीवी भी लगे हैं, लेकिन वो खराब बताए जा रहे हैं। ऐसे में पुलिस आसपास के दुकानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान हो सके।