बृहस्पतिवार रात निरीक्षण के दौरान यमुना एक्सप्रेसवे होते हुए जेवर जाते समय पुलिस महानिदेशक ने एक्सप्रेसवे की सुरक्षा की जानकारी भी ली। एक्सप्रेसवे पर जब डीजीपी को तेज रफ्तार गाड़ियों के बारे में जानकारी दी गई तो उन्होंने एसएसपी लव कुमार से जल्द ही ई-चालान की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
इसके लिए संबंधित प्राधिकरण और एक्सप्रेसवे संचालक जेपी ग्रुप से तालमेल कर व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। सुलखान सिंह ने बताया कि एक्सप्रेसवे पर गाड़ियों के 246 किलोमीटर प्रति घंटे की भी रफ्तार दर्ज हुई है। एक्सप्रेसवे पर ओवर स्पीड के कारण बड़ी दुर्घटनाएं हो रही हैं।
उन्होंने बताया कि एक्सप्रेसवे में रफ्तार की जानकारी पता लगाने वाले हाईटेक सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं। उन्होंने अधिकारियों को नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे की तरह ई-चालान की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।