- 5वीं पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि, ग्रामीण विकास में योगदान को किया याद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
दिल्ली में ग्रामीण समाज और देहात के विकास के लिए कार्य करने वाले स्वर्गीय चौधरी रामकरण सोलंकी की 5वीं पुण्यतिथि पर उन्हें विशेष सम्मान दिया गया। द्वारका मोड़ से सेक्टर-10 मार्केट तक जाने वाली सड़क का नाम उनके नाम पर रखा गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह निर्णय चौधरी रामकरण सोलंकी की सादगी, जनसेवा और दिल्ली देहात के विकास में उनके योगदान को सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि सोलंकी ने शिक्षा, समाज सेवा और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए, जिन्हें हमेशा सम्मान के साथ याद किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा, कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, मनजिंदर सिंह सिरसा, सांसद रामबीर सिंह बिधूड़ी, कमलजीत सहरावत, योगेंद्र सिंह चंदोलिया, विधायक कुलदीप सोलंकी और संदीप सहरावत सहित कई लोग मौजूद रहे। कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि चौधरी रामकरण सोलंकी केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि ग्रामीण समाज की आवाज थे, जिन्होंने अपना जीवन गांव और किसानों के हित में समर्पित कर दिया।