दिल्ली सरकार अगले कुछ माह में लोगों को दो नए सरकारी अस्पतालों की सौगात दे सकती है। बताया जा रहा है कि बुराड़ी और द्वारका क्षेत्र में लंबे समय से निर्माणाधीन सरकारी अस्पताल दीपावली तक शुरू हो जाएंगे। द्वारका में 750 बेड के इंदिरा गांधी सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल (आईजीएच) और मेडिकल कॉलेज का अधिकतर काम खत्म हो गया है। अनुमान है कि लोक निर्माण विभाग सितंबर तक यह भवन स्वास्थ्य विभाग को सौंप देगा।
द्वारका सेक्टर-9 में बनने वाले इस अस्पताल से जनकपुरी स्थित सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल पर मरीजों का बोझ कम होगा। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अस्पताल में तीन इमारतें होंगी। इनमें इमरजेंसी, ओपीडी और आईपीडी शामिल हैं। इसे मेडिकल कॉलेज के रूप में भी विकसित किया जाएगा। एक हिस्सा इसके लिए खाली छोड़ा जाएगा। अस्पताल में दो ऑपरेशन थियेटर होंगे।
इनमें से एक मातृ-शिशु वार्ड होगा। उधर, बुराड़ी में भी लगभग तैयार 768 बिस्तर वाले अस्पताल का फीता भी सरकार इसी दौरान काट सकती है। स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों की मानें तो कुछ माह में दो से तीन सरकारी अस्पताल शुरू करने का लक्ष्य है। इनमें बुराड़ी और द्वारका के अस्पताल लगभग तैयार हैं। देवली और आंबेडकर नगर अस्पताल साल के अंत तक शुरू करने की योजना है।