दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव 2025-26 के लिए आज मतदान होगा। आज 2.80 लाख छात्र-छात्राएं 21 उम्मीदवारों का भविष्य तय करेंगे। मतदान के लिए डूसू चुनाव कार्यालय ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुबह के कॉलेजों में सुबह साढ़े आठ बजे से मतदान शुरू हो जाएगा और दोपहर एक बजे तक चलेगा। वहीं, सांध्य कॉलेजों में दोपहर तीन बजे से शुरू होगा और रात साढ़े सात बजे तक चलेगा।
शहीद भगत सिंह कॉलेज में बनाया पिंक बूथ
शहीद भगत सिंह कॉलेज ने छात्राओं के लिए अलग से पिंक बूथ मतदान के लिए बनाया है। कॉलेज प्राचार्य प्रोफेसर अरुण कुमार अत्री ने बताया कि मतदान के दौरान छात्राओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो उसके लिए कॉलेज परिसर में पिंक बूथ तैयार किया गया है। इससे उन्हें मतदान के लिए लंबी कतार में नहीं खड़ा होना पड़ेगा। साथ ही जो भी छात्र डूसू चुनाव में मतदान करेगा उसे पांच लेक्चरर की अटेंडेंस मिलेगी। कॉलेज में एक दिन में छात्रों के चार-पांच लेक्चरर होते है। वहीं, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने डूसू चुनाव में छात्रों से शत प्रतिशत मतदान की अपील की है। एबीवीपी दिल्ली प्रांत मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा कि डूसू चुनाव डीयू के छात्रों के लिए एक उत्सव है। सभी छात्रों से अपील है कि वह शत-प्रतिशत मतदान कर इस उत्सव को सफल बनाएं।
विजय जुलूस निकालने पर रोक
हाईकोर्ट ने बुधवार को डूसू चुनाव परिणामों के बाद उम्मीदवारों और छात्र संगठनों को राजधानी में कहीं भी विजय जुलूस निकालने पर रोक लगा दी। मुख्य न्यायाधीश डीके उपाध्याय और न्यायमूर्ति तुषार राव गेदेला की खंडपीठ ने स्पष्ट किया कि वह चुनाव प्रक्रिया में हस्तक्षेप नहीं कर रही है। हालांकि, यदि चुनाव संतोषजनक व्यवस्था के साथ नहीं होते तो कोर्ट डूसू के पदाधिकारियों के कामकाज को रोक सकता है। कोर्ट ने दिल्ली पुलिस, दिल्ली विश्वविद्यालय के अधिकारियों और नागरिक प्रशासन को निर्देश दिया कि वे डूसू चुनाव के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सभी संभव और अनुमत कदम उठाएं। साथ ही, यह सुनिश्चित करें कि चुनाव के दौरान किसी भी नियम का उल्लंघन न हो। यह निर्णय डूसू चुनाव के दौरान शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए लिया गया है, ताकि छात्रों और प्रशासन के बीच किसी भी तरह का तनाव या अव्यवस्था न हो।