सीटों के आवंटन के लिए चार राउंड होंगे, सीटें खाली रहने पर स्पॉट राउंड
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत दो वर्षीय स्नातकोत्तर प्रोग्राम (पीजी) में दाखिला प्रक्रिया जून के मध्य तक शुरू होने की संभावना है। इस बार पीजी पाठ्यक्रमों में सीट आवंटन के लिए चार नियमित राउंड आयोजित किए जाएंगे। यदि इसके बाद भी सीटें खाली रहती हैं तो स्पॉट एडमिशन राउंड के माध्यम से दाखिले पूरे किए जाएंगे। मालूम हो कि पीजी प्रोग्राम में दाखिले के लिए पंजीकरण प्रक्रिया पहले से जारी है जो कि सात जून तक चलेगी। डीयू दाखिला डीन प्रो. हनीत गांधी के अनुसार पीजी दाखिले के लिए कॉमन सीट एलोकेशन पोर्टल पर सीटों का आवंटन जून के मध्य तक शुरू किया जा सकता है। सात जून को पंजीकरण प्रक्रिया संपन्न होने के बाद एक से दो दिन छात्रों को ब्यौरे में सुधार के लिए मिलेंगे। जिसके बाद चार राउंड में सीटों को भरा जाएगा। यदि फिर भी सीटें खाली रहती हैं तो स्पॉट राउंड आयोजित किए जाएंगे। वहीं एक वर्षीय स्नातकोत्तर कार्यक्रमों में दाखिले के लिए पंजीकरण प्रक्रिया सात जून के बाद शुरू कर दी जाएगी। नई शिक्षा नीति 2020 के तहत पहली बार पीजी प्रोग्राम के दाखिले दो तरह से होंगे, दो वर्षीय पीजी प्रोग्राम व एक वर्षीय पीजी प्रोग्राम। डीयू से चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम पूरा करने वाले विद्यार्थियों को इन एक वर्षीय पीजी पाठ्यक्रमों में दाखिले का अवसर मिलेगा।
सीयूईटी यूजी के दाखिले के लिए पंजीकरण जल्द होगा शुरू
डीयू के स्नातक प्रोग्राम(यूजी) में दाखिला सीयूईटी यूजी के अंकों के आधार पर होगा। दाखिले से पहले पंजीकरण प्रक्रिया जल्द ही शुरू कर दी जाएगी। चूंकि अभी सीयूईटी यूजी की परीक्षा जारी है, इसके चलते पंजीकरण को शुरू नहीं किया गया है। डीयू प्रशासन ने छात्रों को सलाह दी है कि वे प्रवेश से जुड़ी सभी आधिकारिक सूचनाओं के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट और प्रवेश पोर्टल पर नियमित नजर बनाए रखें।