ग्रेनो वेस्ट में चेरी काउंटी सोसायटी के पास शनिवार को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों समेत गिरोह के चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस का दावा है कि पकड़े गए बदमाश राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश आदि कई राज्यों में लूट की वारदात को अंजाम दे चुके हैं। घायल बदमाशों की पहचान 25 हजार के इनामी फरमान निवासी ताज कालोनी मसूरी, राजू उर्फ राजवीर निवासी बदायूं और दो अन्य सचिन निवासी ठाकुरद्वारा मुरादाबाद व पोलाश सोंद्रा निवासी पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है।
बिसरख कोतवाली पुलिस के मुताबिक, शनिवार शाम वाहनों की चेकिंग कर रही थी तभी टीम को एक सेंट्रो कार में कुछ संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने कार को रुकने का इशारा किया तो उसमें सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई कर कार को घेर लिया। बदमाश कार से निकलकर भागने लगे। इसी दौरान दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। दो अन्य को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।
बदमाशों के पास से 1 पिस्टल, 3 तमंचे, कारतूस, सेंट्रो कार बरामद की है। बिसरख कोतवाली प्रभारी अखिलेश त्रिपाठी ने बताया कि दिल्ली और मेरठ पुलिस को इन बदमाशों की तलाश थी। गिरोह राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में वारदात करते थे और इन पर हत्या लूट आदि के कई संगीन केस दर्ज हैं। गिरोह से पूछताछ में कई बड़ी वारदातों का खुलासा हो सकता है।