सरस्वती विहार निवासी महबूब की छत से पड़ोसी यासीन का बिजली का केबल गुजर रहा है। पिछले लंबे समय से महबूब अपने पड़ोसी के केबल में कट लगाकर बिजली उपयोग कर रहा था। वहीं, दूसरी ओर रूपनगर में भी ऐसा ही मामला सामने आया वहां पर सिकंदर अपने पड़ोसी अय्यूब की केबल में कट लगाकर बिजली ले रहा था। पड़ोसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। ऊर्जा निगम की टीम ने चेकिंग में दोनों के घर के लोड का आकलन किया तो कनेक्शन पर स्वीकृत लोड से आठ किलोवाट तक की ज्यादा खपत मिली। संदेह होने पर बिजलीकर्मियों ने छत पर जाकर जांच की तो बिजली चोरी का पता चला। दोनों पर खपत के अनुसार बिल बनाकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
इसके अलावा रामपार्क एक्सटेंशन में बलगेंद्र सिंह को कटिया डालकर, संतरा देवी निवासी नसीब विहार को पोल से सीधे केबल कनेक्शन लेकर, भारत सिटी में सुशीला देवी को मीटर से पहले कट लगाकर बिजली चोरी करते हुए पाया गया। नाहल में साकिर, असर, तैय्यब, रेहान, मोहसिन, सदाकत, जाहिद, वकील, नसीबुद्दीन, रहीश, सदाकत, सलीम, शाहिद अली, बाबा उम्मेद, यासीन को स्थायी संयोजन होते हुए भी कटिया डालकर बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया।
पांच किलोमीटर लंबा बिजली का तार चोरी
मसूरी थाना क्षेत्र के नूरपुर में किसान के खेत पर लगे ट्रांसफार्मर से चोरों ने पांच किलोमीटर लंबा बिजली का तार चोरी कर लिया। इससे आसपास के 10 से ज्यादा नलकूप किसानों की आपूर्ति ठप हो गई। इस संबंध में बिजली विभाग के अधिकारियों ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नूरपुर में किसान नवाब के खेत में जोड़ा ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। इस लाइन से किरनपाल, राजू, टीकम, अरूण, कपिल, राजकुमार समेत दस लोगों के नलकूपों पर बिजली की आपूर्ति हो रही है। रविवार को जब नवाब अपने खेत पर पहुंचे तो तार चोरी का पता चला। जिसकी सूचना उन्होंने पुलिस और उपकेंद्र को दी। नूरपुर उपकेंद्र पर तैनात अवर अभियंता विपिन प्यासी ने बताया कि संभावना है कि चोरों ने पहले ट्रांसफार्मर को ट्रिप किया और उसके बाद चोरी की वारदात की। चोरी किए गए तार की कीमत दो लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। इसकी रिपोर्ट एंटी थेफ्ट थाने में दर्ज कराई गई है।