बीटिंग रिट्रीट समारोह के रिहर्सल को लेकर 28 जनवरी की दोपहर साढ़े तीन बजे से लेकर रात साढ़े नौ बजे तक कई मार्गों पर ट्रैफिक परिवर्तित रहेगा। बीटिंग रिट्रीट गणतंत्र दिवस समारोह का एक हिस्सा होता है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से आग्रह किया है कि वह राजपथ, विजय चौक और पार्लियामेंट हाउस की तरफ आने से बचें।
दिल्ली पुलिस के संयुक्त आयुक्त (ट्रैफिक) आलोक कुमार के अनुसार बीटिंग रिट्रीट के रिहर्सल के चलते विजय चौक आम जनता के लिए बंद रहेगा। रफी मार्ग पर सुनेहरी मजिस्द गोलचक्कर से कृषि भवन गोलचक्कर तक, रायसीना मार्ग पर कृषि भवन गोलचक्कर से विजय चौक तक, डलहौजी रोड गोलचक्कर, कष्णन मेनन मार्ग और सनहेरी मजिस्द से विजय चौक तक, राजपथ पर विजय चौक से सी-हैक्सागॉन तक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह पाबंदी रहेगी।
संयुक्त पुलिस आयुक्त के अनुसार डीटीसी और सिटी बसों के मार्ग पर भी शाम साढ़े तीन बजे से रात साढ़े नौ बजे तक मार्ग परिवर्तित कर दिए जाएंगे। शांतिपथ, विनय मार्ग, सरदार पटेल मार्ग से आकर केन्द्रीय सचिवालय और कनॉट प्लेस जाने वाली बसें पंचशील मार्ग, सिमोन बोलिवर मार्ग, अपर रिज रोड, शंकर रोड गोलचक्कर और पार्क स्ट्रीट होकर जाएंगी। इस रूट से बसें वापस जाएंगी।
कनॉट प्लेस जाने वाली बसें मंदिर मार्ग, काली बाड़ी मार्ग, जीपीओ और अशोका रोड होकर जाएंगी। भगत सिंह मार्ग, पेशवा रोड, मंदिर मार्ग, शंकर रोड और अपर रिज रोड होकर वापस जाएंगी। मंडी हाउस और फिरोजशाह रोड से कनॉट प्लेस जाने वाले बसें शिवाजी स्टेडियम पर खत्म हो जाएंगी और केजी मार्ग होकर वापस जाएंगी।