भारत नगर इलाके में बुधवार देर रात पानी पिलाने की बात को लेकर हुए झगड़े में युवक ने दोस्त की चाकू से गोद दिया। जख्मी युवक को उसकी पत्नी ने अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की शिनाख्त जहांगीरपुरी निवासी सागर(21) के रूप में हुई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर बृहस्पतिवार दोपहर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
सागर जहांगीरपुरी में परिवार के साथ रहता था। वह ढोल बजाने का काम करता था। पिछले साल उसने शकूरपुर की रहने वाली एक युवती से प्रेम विवाह किया था। सागर का घर छोटा होने की वजह से पिछले पांच माह से दोनों अलग रह रहे थे। सागर वजीरपुर में अपने एक दोस्त के घर पर पत्नी से अक्सर मिलता था।
बुधवार रात सागर ने पत्नी को फोन कर वजीरपुर इलाके में मिलने के लिए बुलाया था। सागर अपने दोस्त गौरव के घर पर मौजूद था। बातचीत करने के दौरान सागर ने गौरव को ठंडा पानी पिलाने के लिए कहा। इस बात पर गौरव ने मजाक में सागर को थप्पड़ मार दिया। इसकी वजह से दोनों के बीच झगड़ा हो गया। वहां मौजूद लोगों ने दोनों को शांत करवा दिया।
देर रात जब सागर की पत्नी उसके पास पहुंची तो सागर उसे गौरव के साथ हुए झगड़े के बारे में बताने लगा। इसी दौरान गौरव वहां पहुंच गया और सागर पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सागर की पत्नी ने उसे जख्मी हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बृहस्पतिवार को पुलिस ने गौरव को इलाके से गिरफ्तार कर लिया। जांच में पुलिस को पता चला है कि सागर पर भी मारपीट का एक मामला दर्ज है और कुछ दिन पहले ही जेल से बाहर निकला था।