- डूसू की संयुक्त सचिव दीपिका झा और एबीवीपी के सदस्यों पर एक शिक्षक पर हमला करने का लगा आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। डीयू के भीम राव अंबेडकर कॉलेज में डीयू स्टूडेंट्स यूनियन (डूसू) की संयुक्त सचिव दीपिका झा और एबीवीपी के सदस्यों पर एक शिक्षक पर हमला करने का आरोप लगा है। डेमोक्रेटिक टीचर्स फ्रंट (डीटीएफ) ने इस घटना की निंदा की है।
आरोप है कि दीपिका झा ने प्रो. सुजीत कुमार को थप्पड़ मारा और कई अन्य शिक्षकों के साथ धक्का-मुक्की की। प्रो. सुजीत अनुशासन समिति के संयोजक हैं, जो एबीवीपी सदस्यों द्वारा छात्रों पर हमले की जांच कर रहे थे। डूसू अध्यक्ष और संयुक्त सचिव सहित लगभग 50 छात्र कॉलेज में जबरन घुसे, शिक्षकों से बदतमीजी की और प्रो. सुजीत से इस्तीफा मांगा। प्राचार्य के कार्यालय में हुई इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध है।
इस घटना से आहत होकर अनुशासन समिति के सभी सदस्यों ने इस्तीफा दे दिया। डीटीएफ ने कहा कि यदि शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होगी तो वे अपने कर्तव्यों का पालन नहीं कर पाएंगे। डीटीएफ ने विश्वविद्यालय प्रशासन से तत्काल जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी कि ऐसी गुंडागर्दी पर रोक नहीं लगी तो दिल्ली विश्वविद्यालय हिंसा का केंद्र बन सकता है।
डीटीएफ अध्यक्ष राजीब रे और सचिव अभा देव हबीब ने कहा कि यह शर्मनाक कृत्य शिक्षक समुदाय और विश्वविद्यालय की गरिमा पर हमला है। दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन से इस मामले में जल्द कार्रवाई की उम्मीद की जा रही है।
डुटा कार्यकारिणी सदस्य वीएस दीक्षित ने इस घटना की निंदा करते हुए बताया कि इसकी जितनी भी निंदा की जाए, कम है। उन्होंने कहा कि डुटा तत्काल अंबेडकर काॅलेज में शिक्षकों के साथ दुर्व्यवहार के इस गंभीर मामले में संज्ञान में ले और विश्वविद्यालय प्रशासन से उचित कार्यवाही करने की मांग करे।