डीयू की छात्रा ने मंगलवार दोपहर रेसकोर्स मेट्रो स्टेशन पर ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। लाइब्रेरी कार्ड से छात्रा की पहचान नजफगढ़ निवासी अर्तजा (20) के रूप में हुई है। नजफगढ़ निवासी युवती कालिंदी कॉलेज से बीए प्रोग्रामिंग की अंतिम वर्ष की छात्रा थी।
वहीं, सुइसाइड नोट नहीं मिलने से खुदकुशी के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस के अनुसार, दोपहर 3:45 बजे मेट्रो पुलिस को सूचना मिली कि रेसकोर्स स्टेशन पर युवती ने मेट्रो के सामने छलांग लगा दी है।
सीआईएसएफ ने युवती को पास के अस्पताल में भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मेट्रो पुलिस ने स्टेशन पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला तो पता चला कि युवती करीब आधे घंटे से प्लेटफार्म संख्या 2 पर घूम रही थी।
इसी बीच हुडा सिटी सेंटर से जहांगीरपुरी जाने वाली मेट्रो के सामने अर्तजा ने छलांग लगा दी। चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाए, लेकिन तब तक युवती के दोनों पैर कट चुके थे।
पुलिस परिजनों से पूछताछ करके खुदकुशी के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। वहीं, हादसे के कारण करीब बीस मिनट मेट्रो सेवाएं बाधित रहीं।