डीयू में नए सत्र का आगाज आज से, कॉलेजों में ओरिएंटेशन शुरू
-रैगिंग रोकने को प्रशासन अलर्ट, उत्तर व दक्षिण परिसर में संयुक्त कंट्रोल रूम बनाए गए
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 मंगलवार से शुरू हो रहा है। नए विद्यार्थियों के पहले दिन को यादगार बनाने के लिए कॉलेजों ने ओरिएंटेशन कार्यक्रम तैयार किए हैं। अधिकांश कॉलेजों में 28 जुलाई से ओरिएंटेशन शुरू होंगे, वहीं कुछ में सोमवार को ही यह आयोजन हो गए। नए सत्र के साथ विश्वविद्यालय परिसर विद्यार्थियों की आवाजाही से गुलजार हो जाएगा।
रैगिंग की किसी भी घटना पर रोक के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। उत्तर और दक्षिण परिसर में 28 जुलाई से सात अगस्त तक संयुक्त कंट्रोल रूम सक्रिय रहेंगे। प्राक्टर कार्यालय की टीम कॉलेजों का दौरा करेगी, जबकि पुलिस की वामिका वैन कैंपस में तैनात रहेगी। बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर सख्ती बरती जाएगी।
रैगिंग में दोषी पाए जाने पर प्रवेश रद्द करने, निलंबन, निष्कासन, परीक्षा परिणाम रोकने और डिग्री रद्द करने तक की कार्रवाई हो सकती है। शिकायत कॉलेज के शिकायत बॉक्स, यूजीसी हेल्पलाइन, कंट्रोल रूम, ई-मेल, पुलिस हेल्पलाइन 112 या एंटी-रैगिंग हिम्मत एप के जरिये की जा सकती है।
इन नंबरों पर की जा सकेगी शिकायत
यूजीसी एंटी रैगिंग हेल्पलाइन नंबर: 1800-1805522
संयुक्त कंट्रोल रूम साउथ कैंपस नंबर: 011-24119832
संयुक्त कंट्रोल रूम नॉर्थ कैंपस नंबर: 011-23818614
कॉलेजों में हुए ओरिएंटेशन
हंसराज कॉलेज और कॉलेज ऑफ वोकेशनल स्टडीज में सोमवार को नए विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किए गए। हंसराज कॉलेज में हवन-पूजन के साथ नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ किया गया। अब यहां नियमित कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। कॉलेजों में इस दौरान छात्रों को अपने जूनियर, शिक्षकों से परिचित होने का अवसर भी मिला।