दिल्ली विश्वविद्यालय में नया शैक्षणिक सत्र 2019-20 20 जुलाई से शुरू होने जा रहा है। इसके लिए डीयू के कुछ कॉलेजों में बृहस्पतिवार को ओरिएटेंशन कार्यक्रम की शुुरुआत हो गई, जबकि कुछ कॉलेजों में शुक्रवार से इनका आगाज होगा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को कॉलेज के विषय में जानकारी दी जाएगी और यहां के नियम-कानून से अवगत कराया जाएगा। कुछ कालेज शनिवार को नए विद्यार्थियों का स्वागत करेंगे।
राजधानी कॉलेज में शुक्रवार को कॉलेज सभागार में ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. राजेश गिरी ने बताया कि इसकी शुरुआत पौधारोपण से होगी। तीन शिफ्ट में होने वाले ओरिएंटेशन में विद्यार्थियों को कॉलेज व विषय शिक्षकों से मिलवाया जाएगा। विद्यार्थियों के मन से रैगिंग के डर को भी दूर भगाया जाएगा। कॉलेजों ने विद्यार्थियों के स्वागत के लिए तरह-तरह के कार्यक्रम आयोजित कर रखे हैं। कुछ कॉलेज विद्यार्थियों के पहले दिन की शुरुआत हवन-पूजन के साथ करेंगे। कॉलेजों में यह कार्यक्रम आयोजित करने के पीछे उद्देश्य विद्यार्थियों की पहले दिन की झिझक को दूर करना है।
मैत्रेयी कॉलेज ने बृहस्पतिवार को ही ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके माता-पिता भी पहुंचे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यकारी प्राचार्या डॉ. हरित्मा चोपड़ा ने की। कॉलेज में अपने पहले दिन को लेकर विद्यार्थी भी काफी उत्साहित दिखे।