पहले राउंड में शाम छ: बजे तक 79, 404 छात्रों ने स्वीकार की सीट
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय में स्नातक प्रवेश के पहले चरण में सीट स्वीकार करने का मौका खत्म हो गया है। छात्रों ने शनिवार आधी रात तक अपनी सीट को स्वीकारा। इससे पहले शनिवार शाम छ: बजे तक 79,404 छात्रों ने आवंटित सीट स्वीकार कर ली थी। इनमें से 10,746 छात्रों ने फीस का भुगतान कर अपनी सीट पक्की कर ली, जबकि 26,061 आवेदनों को संबंधित कॉलेजों ने मंजूरी दे दी।
डीयू ने पहले चरण में 93,033 सीटों का आवंटन किया गया था। ऐसे में सीट स्वीकार करने का आंकड़ा कुल आवंटन के काफी करीब पहुंच चुका है। चूंकि सीट स्वीकार करने की प्रक्रिया शनिवार आधी रात तक जारी रही इसलिए अंतिम आंकड़ों में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। डीयू ने स्पष्ट किया है कि जिन छात्रों ने सीट स्वीकार कर ली है, वे 21 जुलाई तक प्रवेश शुल्क का भुगतान कर अपनी सीट सुनिश्चित कर सकते हैं। निर्धारित समय सीमा के भीतर फीस जमा नहीं करने पर आवंटित सीट निरस्त हो जाएगी।
जिस तरह से पहले राउंड में सीट को स्वीकार किया गया है, उससे दूसरे राउंड में कम ही सीटें बचने की संभावना है। प्रशासन दो राउंड तक करीब 80 फीसदी दाखिले होने की उम्मीद कर रहा है। वहीं, पहले चरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद विश्वविद्यालय 25 जुलाई से स्नातक में दाखिले का दूसरा चरण शुरु करेगा। इसमें रिक्त बची सीटों और छात्रों की वरीयताओं के आधार पर नए सिरे से सीटों का आवंटन किया जाएगा। 26 जुलाई तक छात्रों को सीट स्वीकार करने और 28 जुलाई तक फीस भुगतान करने का अवसर मिलेगा।