- शॉर्टलिस्ट में से छात्रों का चयन कर कंपनियां नौकरी की पेशकश करेंगी
-कंपनियों ने सात लाख से 12 लाख सालाना पैकेज की पेशकश की
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के जॉब व इंटर्नशिप फेयर में पहुंचीं करीब 31 कंपनियों ने 1100 छात्रों को शॉर्टलिस्ट किया है। अब कंपनियां जल्द ही इन शॉर्टलिस्ट छात्रों में से छात्रों को फाइनल कर जॉब ऑफर करेंगी। बता दें कि करीब 1367 छात्रों ने इसके लिए आवेदन दिया था। डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. रंजन कुमार त्रिपाठी ने बताया कि इस बार छात्रों और कंपनियों में उत्साह देखने को मिला है। अभी ऑफर लेटर छात्रों को नहीं मिलेंगे क्योंकि कंपनियां पूरी प्रक्रिया करने के बाद एक से दो सप्ताह का समय लेती हैं। इस बार कुछ कंपनियों ने सात से 12 लाख वार्षिक पैकेज की पेशकश की है। कुछ कंपनियां पहली बार आई हैं। उन्होंने कहा कि बीते साल की प्लेसमेंट प्रक्रिया में अधिकतम पैकेज 37 लाख का पैकेज छात्र को मिला था।
-
पहले खुद पाई जॉब फेयर में नौकरी, अब नौकरी देने पहुंचा
दिल्ली विश्वविद्यालय में होनहार छात्रों की कोई कमी नहीं है। इसकी बानगी पेश करने डीयू का एक छात्र बुधवार को कैंपस पहुंचा। दरअसल बीते साल छात्र ने कैंपस प्लेसमेंट के जरिये एक नामी कंपनी में अच्छे पैकेज पर नौकरी हासिल की थी। और अब वह छात्र अन्य छात्रों को नौकरी देने के लिए कैंपस पहुंचा है। बीते साल रामानुजन कॉलेज के बीए वॉक (सॉफ्टवेयर डेवलेपमेंट) के छात्र अतुल राजपूत ने बैक बैंचर कंपनी में नौकरी लिए इंटरव्यू दिया था। यूपी के एटा के रहने वाले अतुल राजपूत को उनकी काबलियत के बल पर अच्छे सैलेरी पैकेज पर सॉफ्टवेयर डेवलपर के पद पर कंपनी ने नौकरी पर रखा लिया था। अतुल राजपूत ने बताया कि वह बैक बैंचर कंपनी की भर्ती प्रक्रिया टीम के साथ छात्रों का साक्षात्कार व टेस्ट लेने के लिए आए हैं। अतुल ने कहा कि बीते साल प्लेसमेंट ली और इस बार प्लेसमेंट दे रहा हूं, यह मेरे लिए खुशी की बात है।