अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। यमुना को स्वच्छ बनाने के लिए दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीटीयू) ने कदम बढ़ाया है। इस संबंध में डीटीयू और गुजरात की एक कंपनी के साथ समझौता हुआ है। स्वच्छ यमुना जल पहल के तहत पायलट परियोजना पर दोनों मिलकर काम करेंगे। इसके तहत डीटीयू और कंपनी जल गुणवत्ता निगरानी, परिचालन डेटा संकलन, अनुसंधान, नवाचार और टिकाऊ जल उपचार समाधानों पर मिलकर काम करेंगे। डीटीयू के अनुसार यह पहल पर्यावरणीय स्थिरता, स्वच्छ जल प्रौद्योगिकियों, उद्योग अकादमिक सहयोग और शहरी पर्यावरणीय चुनौतियों के लिए साक्ष्य आधारित समाधानों के प्रति साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है।