-इच्छुक उम्मीदवार 17 मई तक कर सकेंगे आवेदन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीटीयू), नेताजी सुभाष प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय और इंदिरा गांधी दिल्ली महिला तकनीकी विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एमबीए कार्यक्रम में दाखिला आवेदन शुरू हो गया है। दाखिला के लिए https://www.cmacadmissions.com/ लिंक पर जाकर आवेदन करना होगा। कॉमन मैनेजमेंट एडमिशन कमेटी दिल्ली ने दाखिला को लेकर शेड्यूल जारी किया है।
इसके अनुसार उम्मीदवार 17 मई रात तक दाखिला के लिए आवेदन कर सकेंगे। शॉर्टलिस्टेड उम्मीदवारों की सूची 25 मई को जारी की जाएगी। इसके बाद एक से लेकर पांच जून तक दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। चयनित उम्मीदवारों की पहली सूची 19 जून को जारी की जाएगी। वहीं दूसरी छह जुलाई और तीसरी सूची 17 जुलाई को जारी होगी। दाखिला की प्रक्रिया सात अगस्त को समाप्त होगी।
एमबीए कार्यक्रम में दाखिले कैट 2025 या मैट 2025/2026 के वैध स्कोर के आधार पर मिलेगा। दाखिला सूची को कैट/मैट स्कोर और साक्षात्कार के आधार पर जारी किया जाएगा। दाखिला के लिए सबसे ज्यादा 270 सीट डीटीयू के दिल्ली स्कूल ऑफ मैनेजमेंट में है।