हादसे के बाद गुस्साएं परिजनों ने रास्ता जाम कर लगाई न्याय की गुहार, पुलिस ने समझाकर हटाया
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। पंजाबी बाग के अशोक पार्क मेन मेट्रो स्टेशन के पास बुधवार की सुबह एक डीटीसी बस ने बाइक सवार 22 वर्षीय सोनू को कुचल दिया, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने रोहतक मार्ग जाम कर दिया। पुलिस ने मामले में तेज कार्रवाई करते हुए शाम को श्रीनिवासपुरी डिपो से आरोपी बस चालक अंकज (35) को गिरफ्तार कर लिया। पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी. स्वामी ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 7:23 बजे पंजाबी बाग थाना पुलिस को सड़क हादसे की सूचना मिली थी। जांच अधिकारी मौके पर पहुंचे तो पता चला कि डीटीसी बस ने मोटरसाइकिल सवार सोनू को कुचल दिया था। हादसे के बाद परिजन शव लेकर सड़क पर बैठ गए, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाया और चालक की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम खुल सका। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। मृतक पंजाबी बाग की इंदिरा कॉलोनी की झुग्गी में परिवार के साथ रहता था। उसके पिता भारत मुर्गा काटने का काम करते हैं, मां गृहिणी हैं और 17 वर्षीय छोटा भाई विकास डिलीवरी बॉय का काम करता है।