दिल्ली के सराय कालेखां में रिंग रोड पर डीटीसी की लाल रंग की एसी बस ने सोमवार दोपहर एक बच्ची को कुचल दिया। बस का पहिया बच्ची के सिर के ऊपर से गुजर गया। बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया।
सनलाइट कॉलोनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर बस को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। चालक ने मौके से भागने का प्रयास किया था। दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों के मुताबिक घटना सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे की है। आठ वर्षीय लक्ष्मी अपने माता-पिता के साथ सराय कालेखां स्थित रैन बसेरा में रहती थी।
सोमवार दोपहर को जब वह रिंग रोड पार कर रही थी उसी समय वह आईजीआई एयरपोर्ट से आनंद विहार के बीच चलने वाली 534 ए रूट डीटीसी एसी बस की चपेट में आ गई। बस का अगला पहिया लक्ष्मी के सिर के ऊपर से गुजर गया।
पीसीआर की वैन लक्ष्मी को एम्स ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लक्ष्मी के शव का पोस्टमार्टम कराकर मंगलवार को परिजनों को सौंप दिया गया। सनलाइट कॉलोनी थाने की सराय काले खां चौकी पुलिस ने डीटीसी बस चालक अशोक को गिरफ्तार कर लिया। अशोक को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया।
डीटीसी ने पिछले वर्ष के मुकाबले इस वर्ष कम लोगों की जान ली है। पिछले वर्ष एक जनवरी से लेकर 15 नवंबर तक डीटीसी बस ने जहां 60 लोगों की जान ली थी, वहीं इस वर्ष 30 लोगों की जान ली है। दिल्ली पुलिस के संयुक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) अनिल शुक्ला का कहना है कि इस वर्ष डीटीसी बसों ने कम लोगों की जान ली है। इसकी कई वजह हैं। ट्रैफिक पुलिस ने डीटीसी की बसों के खिलाफ कड़ा कदम उठाया है।