फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Noonh DSP Murder: डीएसपी के हत्यारों के साथ पुलिस की मुठभेड़, एक गिरफ्तार, सीएम खट्टर बोले- सुरेंद्र सिंह को शहीद का दर्जा

Tue, 19 Jul 2022 07:40 PM IST
प्रशांत कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेवात(नूंह)

सार

खनन की सूचना पर डीएसपी अपनी टीम के साथ कार्रवाई करने पहुंचे थे। इसी दौरान डीएसपी और उनकी टीम को आता देख खनन में लगे एक डंपर चालक ने उन पर गाड़ी चढ़ा दी।
विज्ञापन
हरियाणा में डीएसपी सुरेंद्र सिंह की हत्या - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नूंह के तावड़ू क्षेत्र में मंगलवार को अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने गए डीएसपी सुरेंद्र सिंह के ऊपर ही खनन माफिया के गुर्गों ने गाड़ी चढ़ा दी, जिसमें उनकी मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना तावड़ू के पचगांव की है, जहां गांव से सटी अरावली पहाड़ियों पर अवैध खनन की सूचना मिलने पर तावड़ू डीएसपी कार्रवाई करने गए थे। डीएसपी की मौत होने के घंटे भर बाद ही पुलिस ने मुठभेड़ में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे पैर में गोली लगी है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

विज्ञापन


घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद डीजीपी पीके अग्रवाल ने कहा कि हत्या का मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा, पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे पैर में गोली लगी है। उन्होंने कहा कि जिसे गिरफ्तार किया गया है वह मुख्य आरोपी नहीं है। जब उनसे पूछा गया कि क्या ड्राइवर को गिरफ्तार किया गया है तो उन्होंने कहा, पुलिस उसे तलाश रही है। इससे पहले यह खबर आई थी कि ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इस घटना पर दुख जताते हुए शहीद डीएसपी के परिजनों को कुल एक करोड़ रुपये तथा परिवार मे एक व्यक्ति को नौकरी देने की घोषणा की है।
विज्ञापन


सीएम मनोहर लाल ने कहा, ''हमारी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। शहीद पुलिस अधिकारी के परिजनों को कुल एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। हम उनके परिवार के एक सदस्य को नौकरी भी प्रदान करेंगे।''

वहीं, इस वारदात के आरोपियों को जब पुलिस गिरफ्तार करने पहुंची तो खनन माफिया के बेखौफ गुर्गों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उसके पैर में गोली लगी है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं। 

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से भी इस घटना पर चर्चा की- अनिल विज
हरियाणा के खनन मंत्री मूल चंद शर्मा ने नूंह में अवैध खनन की जांच कर रहे डीएसपी की हत्या पर कहा कि मैं लोगों से कहना चाहता हूं कि सीएम मनोहर लाल खट्टर और हम पर भरोसा रखें। हम आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे। हमने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से भी इस घटना पर चर्चा की है। हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि मैंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं। हम इलाके में पुलिस और बल तैनात करेंगे और किसी को भी नहीं बख्शा जाएगा। 

हिसार के रहने वाले थे डीएसपी
इसी सूचना पर मंगलवार सुबह 11 बजे वह अपनी टीम के साथ पहुंचे। पुलिस टीम को देखकर पहाड़ी के पास खड़े डंपर, उनके चालक और खनन में लगे लोग भागने लगे। वाहन रोकने के लिए डीएसपी आगे आए तो डंपर चालक ने उनके ऊपर वाहन चढ़ा दिया। टायर के नीचे आने से डीएसपी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही एसपी नूंह वरुण सिंगला मौके पर पहुंचे हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कई स्थानों पर दबिश दे रही है। डीएसपी मूल रूप से हिसार के रहने वाले थे।

कानून को चुनौती देते हुए खनन का खेल
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद अरावली की पहाड़ियों में खनन पर रोक लगा दी गई थी। बावजूद इसके खनन माफिया अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। कानून को चुनौती देते हुए लगातार खनन का खेल जारी रहा। सूत्र बताते हैं कि इस खेल में कई सफेदपोश भी शामिल हैं। अब डीएसपी की हत्या के बाद ऐसे ही कई सवाल उठ रहे हैं।

पुलिस भी सुरक्षित नहीं है तो जनता कैसे सुरक्षित महसूस करेगी- भूपेंद्र हुड्डा
हरियाणा कांग्रेस नेता भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि यह एक दुखद घटना है। घटना राज्य की कानून व्यवस्था की स्थिति को दर्शा रही है। हर व्यक्ति अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहा है। सरकार सख्त कदम उठाए। खनन माफिया बेखौफ हैं। कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ रही है। विधायकों को धमकाया जा रहा, पुलिस भी सुरक्षित नहीं है तो जनता कैसे सुरक्षित महसूस करेगी? सरकार को तेजी से कार्रवाई करने की जरूरत है।

ये भी पढ़ें- Dsp Surendra Singh Murder: क्या डीएसपी से हुई चूक, पुलिस ने नहीं की कार्रवाई? पढ़ें- दो अहम सवालों के जवाब    
विज्ञापन

उधर, घटना पर आईजीपी दक्षिणी ने कहा कि वह गुप्त सूचना के आधार पर औचक निरीक्षण करने गए थे। डीएसपी बैकअप फोर्स के साथ नहीं गए थे। औचक कार्रवाई की वजह से इसके लिए समय नहीं मिला होगा। वारदात में हथियारों का इस्तेमाल नहीं हुआ है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें