एक कारोबारी शराब के नशे में बॉटेनिक गार्डन के पास कार पार्क कर भूल गया। उसने कार को काफी तलाशा, लेकिन नहीं मिली। इसके बाद सेक्टर-20 थाने पहुंच कर उसने झूठी कार लूट की रिपोर्ट दर्ज करा दी।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-49 निवासी अमित शर्मा दिल्ली में फ्लैक्स का काम करता है। रविवार रात करीब 2 बजे अमित के भाई सुमित ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी कि उनके भाई के साथ रात 9.30 बजे बाइक सवार चार युवकों ने सेक्टर-14 ए के पास गन प्वाइंट पर कार लूट ली।
कार लूट के बाद बदमाश उनके भाई को बांधकर फिल्म सिटी के सामने झाड़ियों में फेंक कर भाग गए। किसी तरह छूटकर उनके भाई घर आए। पुलिस जब पीड़ित को साथ लेकर मौके पर पहुंची तो उसने बताया कि वह दिल्ली से आ रहा था तभी रास्ते में वैगनआर कार लूटकर बदमाश भाग गए।
पता चला कि वह दिल्ली गया ही नहीं
पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने इसके बाद अमित कुमार के मोबाइल की लोकेशन निकाली। उससे पता चला कि वह दिल्ली गया ही नहीं था। उनकी लोकेशन ममूरा, सेक्टर-18 और ग्रेटर नोएडा की आई।
इसके बाद पुलिस दिनभर कार के बारे में जानकारी करती रही, लेकिन वह बता नहीं सके कि कार कहां पार्क की थी। दोपहर बाद 2 बजे पुलिस को पता चला कि कार बॉटेनिक गार्डन मेट्रो स्टेशन की पार्किंग में खड़ी है।
पीड़ित के भाई ने पुलिस कंट्रोल रूम पर कार लूट की सूचना दी थी। पुलिस ने जब जांच की तब पता चला कि कारोबारी के साथ लूट हुई ही नहीं थी। नशे में बॉटनिक गार्डन पार्किंग के पास वह कार छोड़ कर चले गए थे। कारोबारी का लिखाया लूट का मुकदमा खारिज कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
-दिनेश यादव, एसपी सिटी