-रोहिणी सेक्टर-28 में रविवार देर रात हुआ हादसा, शाहबाद डेयरी पुलिस ने घटना के बाद फरार ट्रक चालक को किया गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
रोहिणी सेक्टर-28 के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजास्टर मैनेजमेंट कार्यालय के पास रविवार देर रात नशे में धुत ट्रक चालक ने तेज रफ्तार से ट्रक को चलाकर एक ई-रिक्शा और बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को पास के अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने रोहिणी सेक्टर-28 स्थित प्रकाश विहार निवासी बलवीर सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल किशन समेत एक अन्य का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने ट्रक छोड़कर भागे चालक को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान मुन्ना लाल के रूप में हुई है।
बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त शोभित डी सक्सेना ने बताया कि रविवार की रात पुलिस को सड़क हादसे की जानकारी मिली। शाहबाद डेयरी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को मौके पर एक क्षतिग्रस्त ई-रिक्शा और ट्रक के नीचे एक बाइक फंसी मिली। पूछताछ पर पता चला कि हादसे में बाइक और ई-रिक्शा चालक समेत तीन लोग घायल हुए थे, जिन्हें महर्षि वाल्मीकि अस्पताल ले जाया गया है। वहां पहुंचने पर पुलिस को पता चला कि हादसे में बाइक सवार 35 साल के बलवीर सिंह को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने ट्रक नंबर के जरिये उसकी पहचान करने के बाद आरोपी चालक मुन्ना को गिरफ्तार कर लिया। वह जौनपुर यूपी का रहने वाला है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।