सीमापुरी इलाके में नशे में धुत कार सवार लड़कों ने सड़क पर खड़े नौ लोगों को टक्कर मार दी। घायलों में एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि बाकी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद गुस्साई भीड़ ने आरोपियों की कार में तोड़फोड़ की। पुलिस ने आरोपी कार चालक सैफ अली उर्फ चिंटू (22) को गिरफ्तार कर लिया है। पलिस के मुताबिक सोमवार को एलआईजी फ्लैट, जीटीबी एंक्लेव निवासी सरिता देवी (35) अपनी चार बेटियों सोनू (15), किरण (13) सुनेना (10) सलोनी (8) देवरानी माधुरी (30) और पति बबलू के साथ होली खेलने के लिए अपनी मामी उर्मिला (48) के घर कलंदर कालोनी, दिलशाद गार्डन आए थे।
सरिता के साथ उसके भाई विजय की साढ़े तीन साल की बेटी अंशिका भी आ गई थी। जैसे ही ये उर्मिला के घर के बाहर पहुंचे वह बाहर ही सड़क पर अपनी पड़ोसन भावना (50) के साथ मिल गई।
अचानक गुरुदारे की ओर से एक तेज रफ्तार से आई-10 कार ने सभी को टक्कर मार दी
file photo
अभी सभी लोग सड़क पर मिल ही रहे थे कि अचानक गुरुदारे की ओर से एक तेज रफ्तार से आई-10 कार ने सभी को टक्कर मार दी। हादसे में बबलू के छोड़कर सभी कार की चपेट में आ गए।
कार में होली खेल रहे पांच युवक सवार थे। टक्कर लगते ही सभी लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। इधर, नशे में धुत सभी लड़के मौके से फरार होने लगे। लोगों ने कार चालक समेत दो को पकड़ लिया।
कार पलटकर उसमें तोड़फोड़ कर दी। पकड़ा गया चालक व उसका साथी मौका देखकर वहां से भाग गया। इधर, घायल सरिता, माधुरी, उर्मिला, भावना, सोनू, किरण, सलोनी, सुनेना व अंशिका को अस्पताल ले जाया गया, जहां अंशिका को मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर मंगलवार को कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। कार चालक का कहना है कि सोमवार को उसने शराब नहीं पी थी। बाकी सभी लड़के नशे में थे। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।