रबूपुरा कोतवाली पुलिस ने 14 दिन पूर्व हुई युवक की हत्या के मुख्य आरोपी को खेडा मोहम्दाबाद गांव स्थित अंडरपास से गिरफ्तार कर लिया। उसका दूसरा साथी चकमा देकर भागने में कामयाब रहा।
हत्यारोपी राजस्थान, भिवाड़ी के गांव इंदौर निवासी सत्यवीर और उसके साथी ने शराब पीने के बाद कहासुनी होने पर हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी युवक के पिता से हत्या का मामला रफादफा करने के लिए 4 लाख रुपये में समझौता करने गांव आए थे।
थाना प्रभारी रविंदर सिंह राठी ने बताया कि 23 जून को सुबह करीब 10 बजे सूचना मिली कि वेदप्रकाश की हत्या के दोनों मुख्य आरोपी गांव के पास स्थित अंडरपास के नीचे खड़े हुए हैं। पुलिस ने सत्यवीर को दबोच लिया जबकि उसका साथी पिंटू उर्फ सुनील खेतों के रास्ते भाग गया।
आरोपी ने बताया कि वह पिंटू के साथ गुड़गांव में गाड़ी चलाता है। कई दिन से वह पिंटू के साथ ही रह रहा था। 11 जून को पिंटू, वेदप्रकाश और सत्यवीर गाड़ी लेकर जंगल की ओर निकल गए थे। जहां तीनों ने शराब पी। इस दौरान पिंटू व वेदप्रकाश के बीच कहासुनी हो गई।
इस पर उन्होंने वेदप्रकाश की गाड़ी से कुचल कर हत्या कर दी और शव को नाले में फेंक दिया। बताया जाता है कि हत्या के षड्यंत्र में एक अन्य आरोपी अमित को जेल भेजा जा चुका है।