-शाहदरा जिला पुलिस ने की कार्रवाई, अदालत ने भगोड़ा किया था घोषित
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। शाहदरा जिला पुलिस ने ड्रग सिंडिकेट की सरगना और मकोका की आरोपी आरोपी 54 वर्षीय कुसुम को गिरफ्तार किया है। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम था। दो महीने के ऑपरेशन के बाद पुलिस आरोपी तक पहुंची। उत्तर पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि स्पेशल स्टाफ को कुसुम के बारे में जानकारी मिलने पर दिल्ली-एनसीआर के अलावा हरियाणा और उत्तर प्रदेश में छापेमारी की गई।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि नौ अप्रैल को पुलिस को आरोपी के ठिकाने की जानकारी मिली। वहां छापेमारी के दौरान पुलिस को देखकर कुसुम ने भागने की कोशिश की, लेकिन उसे पकड़ लिया गया।
बेटियां व भाई भी सिंडिकेट में शामिल
पूछताछ में उसने बताया कि वह कई राज्यों में सक्रिय ड्रग सिंडिकेट की सरगना है। सिंडिकेट में उसकी बेटियां दीपा और चीकू, भाई हरिओम और उसका सहयोगी रवि शामिल हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि 27 अगस्त को दिल्ली पुलिस ने उसके खिलाफ इनाम की घोषणा की थी, जबकि 22 अगस्त को रोहिणी अदालत ने सुल्तानपुरी के एक मामले में उसे भगोड़ा करार दिया था। आरोपी के खिलाफ दिल्ली में 11 मामले दर्ज हैं।