17 सोसाइटियों के बच्चे बुजुर्ग परेशान, फेंसिंग टूटने से बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर मंडराया खतरा
विज्ञापन
-दशमेश पब्लिक स्कूल के पास स्थित डीडीए प्लेग्राउंड में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
पूर्वी दिल्ली। दशमेश पब्लिक स्कूल के पास स्थित डीडीए प्लेग्राउंड में असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ने से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। करीब 15 से 17 सोसाइटियों के बच्चे जहां इस मैदान में खेलने आते हैं, वहीं बड़ी संख्या में बुजुर्ग भी सुबह-शाम सैर करने पहुंचते हैं। लेकिन अब यही मैदान असामाजिक तत्वों की गतिविधियों का केंद्र बनता जा रहा है। आरोप है कि नशे के आदी लोग मैदान के चारों तरफ सुरक्षा के लिहाज से लगाई गई लोहे की फेंसिंग को तोड़कर बेच रहे हैं। इससे मैदान की सुरक्षा व्यवस्था लगातार कमजोर हो रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुछ लोग दिनभर मैदान के कोनों में खड़े होकर नशा करते रहते हैं। फेंसिंग के हिस्से तोड़कर बेचने की घटनाओं से मैदान की चारदीवारी जैसी सुरक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंच रहा है। ऐसे में यहां खेलने आने वाले बच्चों और टहलने पहुंचने वाले बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। असामाजिक तत्वों की मौजूदगी का बच्चों पर भी गलत प्रभाव पड़ रहा है।
समाजसेवी अनीता बहल ने बताया कि मैदान में इस तरह की गतिविधियां बच्चों पर गलत असर डाल रही हैं। सुरक्षा के लिए लगाई गई फेंसिंग को लगातार नुकसान पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई करने और मैदान की सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की। यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो एक दिन मैदान की पूरी फेंसिंग गायब हो सकती है। ऐसे में बच्चों के खेलने और बुजुर्गों के सैर करने के लिए सुरक्षित स्थान भी नहीं बचेगा।