मॉडल टाउन में हादसे के बाद जुटी भीड़
- फोटो : अमर उजाला
मॉडल टाउन इलाके में रविवार रात कार ठीक ढंग से चलाने की नसीहत देने पर युवक ने कार को बैक कर तेज रफ्तार में लोगों पर चढ़ाने की कोशिश की। इस वारदात में एक युवक घायल हुआ है। उसका पैर टूट गया है। रौंगटे खड़े करने वाली इस घटना का वीडियो भी वायरल हुआ है। पुलिस ने हिट एंड रन का मामला दर्ज किया है। अभी चालक की पहचान नहीं हुई है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना विजय नगर के पास ओल्ड गुप्ता कॉलोनी में हुई। रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे काली कार वहां तेजी से आई। उस समय वहां काफी भीड़भाड़ थी। तेज रफ्तार की वजह से कई लोग इसकी चपेट में आने से बचे। लोगों ने कार रोकने का प्रयास किया और चालक को गाड़ी ठीक से चलाने की नसीहत दी। लोगों ने कार को घेर लिया। भीड़ की परवाह किए बिना आरोपी कार को तेजी से आगे ले गया और फिर बैक गेयर लगाकर तेजी से पीछे लाया। इससे वहां मौजूद कमल का पैर टूट गया।
इस पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। एक युवक ने कार की छत पर चढ़कर सामने का शीशा तोड़ने का प्रयास किया। इस पर चालक कार को तेज रफ्तार से मौरिस नगर की ओर लेकर भागा। छत पर चढ़ा युवक दूसरी तरफ गिर गया। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को देकर कार का पीछा किया। नाले के पास आरोपी चालक को रोककर पिटाई कर दी। वहां से भी वह कार लेकर भागने में कामयाब हो गया। घायल कमल मलकागंज में मोबाइल की दुकान चलाता है।