लोधी कॉलोनी इलाके में क्लस्टर बस चालक ने एक यात्री पर लोहे की रॉड से हमला कर उसका हाथ तोड़ दिया। यात्री गलत बस में बैठ गया था और शोर मचाकर उसने बस रुकवा दी थी। मौके से गुजर रहे एक बाइक सवार ने यात्री को बचाया।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दक्षिणपुरी निवासी दीपक शर्मा (24) खान मार्केट स्थित एक कैफे में काम करता है। 15 जुलाई की रात करीब साढ़े 9 बजे वह घर जाने के लिए महर्षि रमन मार्ग बिजलीघर के पास बस का इंतजार कर रहा था। रात साढ़े 10 बजे उसने क्लस्टर बस को रुकने का इशारा किया। बस पर ब्रेक डाउन लिखा हुआ था।
इसके बावजूद चालक ने बस स्टैंड पर रोक दी। दीपक बस में बैठ गया, जो बिल्कुल खाली थी। बस लोधी रोड से दयाल सिंह कॉलेज की तरफ जाने के लिए मुड़ी तो दीपक को गलत बस में बैठने का एहसास हुआ। उसने शोर मचाकर बस रूकवा दी।
कॉलेज के पास चालक रवि कुमार ने दीपक को उतार दिया। इस दौरान दोनों में कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ा कि चालक ने दीपक पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
पुलिस जांच में पता चला कि बस सुनहरी डिपो की है। लोधी कॉलोनी थाना पुलिस ने मामला दर्जकर चालक रवि कुमार को गिरफ्तार कर लिया। दीपक को उपचार के बाद एम्स के ट्रामा सेंटर से छुट्टी दे दी गई है।