सैकड़ों लीटर पानी सड़कों पर बह रहा
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के यमुनापार इलाके में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है। मंडावली, मयूर विहार, गाजीपुर, खिचड़ीपुर, त्रिलोकपुरी, कल्याणपुरी, विनोद नगर, सीलमपुर, घोंडा और करावल नगर समेत कई इलाकों में नलों में गंदा पानी आ रहा है तो कहीं जलापूर्ति पूरी तरह ठप है। लोग टैंकरों पर निर्भर हो गए हैं, जहां लंबी कतारें और पानी को लेकर कहासुनी होती है। महिलाओं, बच्चों व बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है और परिवारों का मासिक खर्च बढ़ गया है।
वहीं किशन कुंज, विश्वास नगर व कृष्णा नगर में पाइपलाइन लीकेज से सैकड़ों लीटर पानी सड़कों पर बह रहा है, जबकि सीवर का पानी सप्लाई में मिल रहा है। शाहदरा व विश्वास नगर के कई घरों में दूषित पानी पहुंच रहा है। स्थानीय निवासी रमेश ने बताया कि कई दिनों से गंदा पानी आ रहा है, शिकायतों का कोई समाधान नहीं हुआ। मंडावली की कोमल ने कहा कि टैंकर का इंतजार घंटों करना पड़ता है। लोगों ने दिल्ली जल बोर्ड से पाइपलाइनों की तत्काल मरम्मत व स्वच्छ जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।