भटके कार चालक को रास्ता बताने का झांसा दे बाइक सवार तीन बदमाशों ने बंधक बना लिया। कार लूटने की
नीयत से एक बदमाश ने चालक पर चाकू से हमला कर दिया।
युवक ने चलती कार से कूद कर जान बचाई और पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक लूटी गई कार के साथ दो बदमाश पकड़ लिए गए हैं, हालांकि पुलिस ने अभी इसका कोई खुलासा नहीं किया है।
एसजीएम नगर थाने में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। नोएडा में रहने वाले धर्मेंद्र कुमार शर्मा कैब कंपनी चलाते हैं।
उनकी एक कैब नोएडा की एक कंपनी में स्टाफ लाने ले जाने के लिए लगी है। बृहस्पतिवार तड़के चालक सतवीर सेक्टर 21सी में रहने वाले स्टाफ को छोडने आया था।
स्टाफ छोड़कर वापस नोएडा जाने में सतवीर रास्ता भूल गया। भटकते हुए वह सैनिक कॉलोनी चौक पहुंच गया। कार सड़क किनारे खड़ी कर वह नोएडा का रास्ता पूछने के लिए किसी राहगीर के आने का इंतजार करने लगा।
उसने बाइक सवार तीन युवकों को देख इशारा देकर रोका। आरोप है कि उसने नोएडा का रास्ता पूछा तो दो युवक कार में बैठ गए जबकि तीसरा युवक बाइक लेकर चला गया।
कार में दोनों बदमाशों ने उसे पीटा और बंधक बना लिया। एक बदमाश कार चलाने लगा और दूसरे ने सतवीर के शरीर में चाकू
अड़ा दिया।
सतवीर के मुताबिक बदमाश ने उस पर चाकू से हमला करने का प्रयास किया, जान बचाने के लिए वह दरवाजा खोल कर चलती कार से कूद पड़ा। बदमाश कार लेकर फरार हो गए।
सतवीर की सूचना पर एसजीएम नगर थाने की पुलिस और क्राइम ब्रांच एनआईटी टीम बदमाशों की तलाश में तुरंत ही जुट गई। पुलिस के मुताबिक कार में ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम (जीपीएस) लगा होने की बात पता चली है।