सीवर लाइनों की सफाई में गड़बड़झाले की शिकायतों को दूर करने के लिए निगम ने अब तकनीक का सहारा लेना शुरू कर दिया है। इसकी शुरुआत एनआईटी विधानसभा क्षेत्र से की गई है। शनिवार को यहां निगम प्रशासन ने सीसीटीवी की निगरानी में सीवर सफाई का काम कराया।
बता दें कि एनआईटी विधानसभा क्षेत्र में सीवर जाम की समस्या आम हो गई है। अर्थात यहां आए दिन सीवर जाम की समस्या बनी रहती है। लोग निगम मुख्यालय में आकर धरना प्रदर्शन करते रहते हैं और आरोप लगाते थे कि निगमकर्मी सीवर की सफाई ठीक ढंग से नहीं करते।
लगातार जनप्रतिनिधियेां को मिल रही शिकायतों पर पिछले दिनों जिला सतर्कता एवं समन्वय विकास समिति की बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने निगमायुक्त को सीवर की सफाई तकनीक के जरिए करने का निर्देश दिया था।
निगम एसई अनिल मेहता ने बताया कि शनिवार को एनआईटी क्षेत्र के डबुआ कॉलोनी ई ब्लॉक में सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में सीवर साफ कराया गया। उन्होंने बताया कि सीवर लाइन की सफाई के बाद पूरी लाइन में हाई रेजुलेशन वाले सीसीटीवी को करीब 600 मीटर तक वायर के जरिए अंदर भेजा जाता है।
अंदर का पूरा नजारा बाहर लगी टीवी स्क्रीन पर देखा जा सकता है। इससे यह भी पता चल जाता है कि लाइन में कहीं कोई रुकावट तो नहीं है। उन्होंने बताया कि फरीदाबाद में सीसीटीवी से सफाई करने वाली यह पहली मशीन है।
इसे गाजियाबाद से मंगाया गया है। सीवर सफाई के बाद सीसीटीवी कैमरे से पूरी लाइन की सीडी बनाई जा रही है। इसका पूरा रिकार्ड निगम में उपलब्ध रहेगा। इनेलो विधायक नगेंद्र भड़ाना, वार्ड की पार्षद कविता फागना ने पूरे कार्य का निरीक्षण भी किया।