मेरठ रोड स्थित डीपीएसजी के फीस बढ़ोतरी के खिलाफ अभिभावकों ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। डीपीएसजी पैरेंट्स सोसाइटी एसोसिएशन की बैठक में स्कूल प्रबंधन द्वारा एक अप्रैल तक फीस वृद्धि का निर्णय वापस न लेने पर कोर्ट जाने की चेतावनी दी है।
वहीं, डीपीएसजी मेरठ रोड, डीपीएसजी वसुंधरा के बाद अब फीस वृद्धि को लेकर डीपीएसजी इंटरनेशनल स्कूल के अभिभावकों का पारा चढ़ गया है।
डीपीएसजी पैरेंट्स सोसाइटी एसोसिएशन के अभिभावकों के मुताबिक एक दिन बाद प्रबंधन का फैसला आगे की दिशा तय करेगा। एसोसिएशन के बैनर तले आंदोलन को अंजाम तक पहुंचाने के लिए अभिभावकों ने फंड भी एकत्रित किया है।
अभिभावकों ने बताया कि डीपीएसजी इंटरनेशनल के अभिभावकों ने भी उनसे संपर्क साधा है। फीस वृद्धि को लेकर उनमें काफी रोष है। अभिभावकों को 10 फीसदी तक फीस में बढ़ोतरी पर कोई परेशानी नहीं है, मगर मनमानी फीस बिल्कुल भी स्वीकार नहीं की जाएगी।
सत्र शुरू होते ही ढीली होने लगी अभिभावकों की जेब
स्कूलों में नए सत्र की शुरूआत से ही परिवारों पर फीस वृद्धि का बोझ पड़ने लगा है। स्कूल प्रबंधन फीस, कॉपी किताब और यूनिफार्म के दाम बढ़ाकर अभिभावकों की जेब ढीली करने की तैयारी कर चुके हैं।
हर वर्ष 10 फीसदी फीस वृद्धि का नियम है, जिसे दरकिनार कर स्कूलों में 20 से 25 फीसदी तक फीस बढ़ाई जा रही है। नए सत्र में एक परिवार पर बच्चों की पढ़ाई के रुप में तीन से चार हजार रुपये का अतिरिक्त बोझ बढ़ जाएगा।