-लगातार दूसरी जीत के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंची नॉर्थ दिल्ली की टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स महिला टीम ने साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स को 10 रन से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। नॉर्थ दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 141 रन बनाए। जवाब में साउथ दिल्ली की टीम 20 ओवर में पांच विकेट पर 131 रन ही बना सकी। जीत के साथ नॉर्थ दिल्ली अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई।
शिवी शर्मा की शानदार पारी
नॉर्थ दिल्ली की पारी में शिवी शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 54 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से नाबाद 71 रन बनाए। उपासना यादव ने 42 गेंदों पर 43 रन का योगदान दिया।
शुरुआती झटकों से नहीं उबर सकी साउथ दिल्ली
142 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ दिल्ली की शुरुआत खराब रही। विकेटकीपर बल्लेबाज निशिका सिंह तीन गेंदों पर बिना खाता खोले आउट हो गईं। इसके बाद प्रिया पुनिया और तनिष्का सिंह ने 36 रन की साझेदारी कर पारी संभाली। पुनिया 10 रन बनाकर आउट हुईं। तनिष्का ने 44 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 46 रन बनाए। कप्तान श्वेता सहरावत ने 23 गेंदों पर 27 रन जोड़े।
नाजमा ने दिलाई अहम सफलता
नॉर्थ दिल्ली की ओर से नाजमा ने चार ओवर में 28 रन देकर दो विकेट लिए। रेशिका बेनीवाल, अपेक्षा आनंद और प्रिया मिश्रा को एक-एक विकेट मिला। आखिरी दो ओवर में साउथ दिल्ली को 28 रन की जरूरत थी, लेकिन टीम 131/5 तक ही पहुंच सकी। तनिषा सिंह 24 और दिशा नागर नौ रन बनाकर नाबाद रहीं।