फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दुष्कर्म... चोरी या फिर कुछ और: तीसरी मंजिल से गिरी घरेलू सहायिका, मालकिन पर फेंकने का आरोप; आशा की हालत नाजुक

Thu, 18 Sep 2025 10:00 PM IST
विकास कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

आशा के मामा मोहन ने आरोप लगाया कि खबर मिली थी कि उनकी भांजी के साथ गलत काम करने के बाद उसे छत से नीचे फेंका गया है। उस पर चोरी का भी झूठा आरोप लगाया है। उनकी भांजी चोरी नहीं कर सकती है।
विज्ञापन
तीसरी मंजिल से गिरी घरेलू सहायिका - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पूर्वी दिल्ली के पटपड़गंज इलाके में बुधवार शाम एक घरेलू सहायिका तीसरी मंजिल से नीचे गिर गई। गंभीर हालत में आशा (18) को एलबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर होने पर जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल में उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

विज्ञापन

आशा के परिजनों ने उसकी मालकिन पर गंभीर आरोप लगाकर उसे जानबूझकर नीचे फेंकने का इल्जाम लगाया है। बृहस्पतिवार दोपहर गुस्साए परिजनों ने पटपड़गंज स्थित वरदान सोसाइटी के बाहर प्रदर्शन किया। भीड़ सोसाइटी के अंदर दाखिल होने का प्रयास कर रही थी। कई थानों की पुलिस मौके पर भेजी गई। बाद में उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को वापस भेजा गया। 

दरअसल कुछ लोगों ने अफवाह उड़ा दी थी कि आशा के साथ कुछ गलत करने के बाद उसे नीचे फेंक दिया गया है। वहीं जिला पुलिस उपायुक्त अभिषेक धानिया ने बताया कि बुधवार को आशा की मालकिन ने उसे तीन हजार रुपये चोरी करते हुए पकड़ लिया था। डांटने पर आशा भागती हुई रसोई में गई और छोटी खिड़की से छलांग लगा दी। वारदात के समय घर में चार महिलाएं मौजूद थीं। पुलिस ने सभी के बयान लिए हैं। क्राइम टीम व एफएसएल की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। सीसीटीवी कैमरों की मदद से पड़ताल की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, आशा परिवार के साथ गली नंबर-6, अल्लाह कॉलोनी, मंडावली में रहती थी। परिवार में मां देवकी रजक, शादीशुदा बहन रानी के अलावा एक भाई सोनू है। आशा पिछले करीब एक साल से पटपड़गंज के वरदान अपार्टमेंट में श्वेता करनानी (49) के यहां सुबह से शाम तक घरेलू सहायिका काम करती थी। श्वेता का तीसरी मंजिल पर फ्लैट है। बुधवार शाम करीब साढ़े चार बजे अचानक आशा तीसरी मंजिल से नीचे गिर गई। फिलहाल वह बयान देने की हालत में नहीं है। पुलिस उसके होश में आने का इंतजार कर रही है। आशा का बयान लेने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। आशा के शरीर पर और जगह चोट का कोई निशान नहीं मिला है। श्वेता और उनके पति अशोक करनानी से भी पुलिस पूछताछ कर रही है।

दुष्कर्म की अफवाह फैलने पर भड़के लोग
आशा के मामा मोहन ने आरोप लगाया कि खबर मिली थी कि उनकी भांजी के साथ गलत काम करने के बाद उसे छत से नीचे फेंका गया है। उस पर चोरी का भी झूठा आरोप लगाया है। उनकी भांजी चोरी नहीं कर सकती है। बृहस्पतिवार सुबह जब अल्लाह कॉलोनी के लोगों को गलत होने का पता चला तो वह दोपहर के समय वरदान अपार्टमेंट के बाहर इकट्ठा हो गए। इन लोगों का आरोप था कि पुलिस भी उनकी सुनवाई नहीं कर रही है। मामले को 24 घंटे बीतने को हैं लेकिन पुलिस ने कोई मामला दर्ज नहीं किया है।
विज्ञापन

चोरी करते हुए घरेलू सहायिका पकड़ी गई थी, मालकिन ने डांटा तो वह तीसरी मंजिल के किचन से कूद गई, उसकी हालत नाजुक है। बयान होने पर ही असली बात का पता चल पाएगा। क्राइम टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। -अभिषेक धानिया, पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें