सेक्टर-8 में 13 साल की छात्रा ने छेड़छाड़ का विरोध किया तो पांच युवकों ने उस पर कुत्ते से हमला करा दिया। आसपास के लोगों ने किसी तरह छात्रा को कुत्ते से बचाकर दो युवकों की जमकर पिटाई की। मामले की शिकायत छात्रा के पिता ने सेक्टर-20 थाने में की है। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-8 निवासी परिवार की किशोरी कक्षा-8 की छात्रा है। पिता का आरोप है कि गली में कुछ युवक मिलकर अक्सर उनकी बेटी के साथ छेड़छाड़ करते हैं। कई बार पुलिस से शिकायत भी की गई, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।
शनिवार को उनकी बेटी दुकान पर जा रही थी तो पांच युवक कुत्ते को लेकर गली में खडे़ थे। किशोरी वहां से गुजरी तो आरोपी उससे अश्लील बातें करने लगे। छात्रा ने विरोध किया तो युवकों ने उस पर कुत्ता छोड़ दिया। राहगीरों कुत्ते पर ईंट फेंककर डराया और उसे बचाया। तीन युवक मौके से फरार हो गए, लेकिन दो को लोगों ने पकड़ लिया। उनकी जमकर पिटाई की पुलिस को सौंप दिया।