राजधानी दिल्ली में वेतन नहीं मिलने से गुस्साए हिंदुराव अस्पताल के डॉक्टरों ने आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की है। डॉक्टरों के खाते में रविवार देर शाम तक वेतन नहीं आने के कारण यह फैसला किया गया।
इससे पहले रेजीडेंट डॉक्टर पिछले दो दिनों से तीन-तीन घंटे की हड़ताल पर थे। ऐसे में ओपीडी में आने वाले मरीजों के साथ-साथ इमरजेंसी और ऑपरेशन वाले मरीजों को भी समस्याओं से जूझना पड़ेगा।
बताया जा रहा है कि हड़ताल के मद्देनजर सोमवार को पहले से ही तय करीब 100 मरीजों के ऑपरेशन को टाल दिया गया है। अस्पताल की रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (आरडीए) के महासचिव डॉ. संजीव चौधरी ने बताया कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम के इस अस्पताल में 980 बेड है।
इसकी ओपीडी में रोजाना चार हजार और इमरजेंसी में एक हजार मरीज आते हैं। अस्पताल प्रशासन और निगम की तरफ से वेतन को लेकर अभी तक कुछ भी नहीं कहा गया है।